देश की सेवा करने के बाद अग्निवीरों के सामने सबसे बड़ा सवाल होता है कि 4 साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद आगे करियर कैसे बनाया जाए. लेकिन महाराष्ट्र सरकार ने ऐसे युवाओं के लिए रोजगार का नया रास्ता खोला है. राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि भारतीय नौसेना के 250 से अधिक पूर्व अग्निवीरों को महाराष्ट्र के तटीय पुलिस बल में शामिल किया गया है. इन जवानों को उनकी मिलिट्री ट्रेनिंग और एक्सपीरियंस के आधार पर बिना कोई नई भर्ती परीक्षा दिए नियुक्ति पत्र भी दिए गए हैं. सरकार का कहना है कि भविष्य में 4 साल की सेवा पूरी करने वाले अन्य अग्निवीरों को भी महाराष्ट्र पुलिस में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा.
250 से अधिक पूर्व अग्निवीरों को मिली नौकरी
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को नागपुर में इस फैसले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नौसेना (Navy) में 4 साल की सेवा पूरी कर चुके 250 से अधिक अग्निवीरों को राज्य के तटीय पुलिस बल में शामिल किया गया है. इन जवानों को समुद्री सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने का मौका मिलेगा. दरअसल, महाराष्ट्र की समुद्री सीमा काफी लंबी है, इसलिए यहां सुरक्षा के लिए स्पेशल ट्रेनिंग और एक्सपीरियंस रखने वाले जवानों की जरूरत होती है.
सरकार ने इन पूर्व अग्निवीरों की भर्ती के लिए नियमों में जरूरी बदलाव भी किए हैं. मुख्यमंत्री के मुताबिक, ये जवान पहले ही सशस्त्र बलों में भर्ती होने के लिए कठिन चयन प्रक्रिया और ट्रेनिंग से गुजर चुके हैं. ऐसे में इन्हें दोबारा परीक्षा देने की जरूरत नहीं पड़ी और इन्हें सीधे नियुक्ति पत्र जारी किए गए.
अग्निवीरों की ट्रेनिंग से पुलिस को क्या फायदा होगा?
अग्निवीरों को सेना में सर्विस के दौरान अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और मुश्किल परिस्थितियों में काम करने की ट्रेनिंग दी जाती है. उन्हें सुरक्षा से जुड़े कई जरूरी कामों का अनुभव भी मिलता है. सरकार का मानना है कि इन खूबियों से पुलिस बल को मजबूती मिलेगी. खासकर तटीय इलाकों में समुद्र के रास्ते होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने में ट्रेन्ड जवान मदद कर सकते हैं.
इस फैसले से उन युवाओं को भी फायदा होगा, जो सेना में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद सरकारी नौकरी करना चाहते हैं. उन्हें अपने सैन्य अनुभव का इस्तेमाल दूसरे सुरक्षा बल में करने का अवसर मिलेगा.
आर्मी और एयरफोर्स के अग्निवीरों को भी मिलेगा मौका?
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पहले ही घोषणा की थी कि 4 साल की सर्विस पूरी करने वाले अग्निवीरों को महाराष्ट्र पुलिस और राज्य की अन्य फोर्स में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा. इस योजना का लाभ आगे आर्मी और एयरफोर्स से सेवा पूरी करने वाले अग्निवीर भी उठा सकेंगे.
हालांकि, उम्मीदवारों को भर्ती से जुड़ी आधिकारिक शर्तों और नियमों की जानकारी जरूर जांचनी चाहिए. यह फैसला अग्निवीरों के लिए सर्विस के बाद रोजगार के नए अवसर खोलने के साथ महाराष्ट्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.



