Home देश CBSE Exam 2027: 9 नवंबर से शुरू होंगे 10वीं-12वीं के प्रैक्टिकल, चेक...

CBSE Exam 2027: 9 नवंबर से शुरू होंगे 10वीं-12वीं के प्रैक्टिकल, चेक करें ये जरूरी नियम

1
0

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2026-27 के शैक्षणिक सत्र के लिए 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है. बोर्ड ने विंटर-बाउंड स्कूलों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षा, प्रोजेक्ट असेसमेंट और इंटरनल असेसमेंट का शेड्यूल जारी कर दिया है. इन स्कूलों में परीक्षाएं 9 नवंबर से शुरू होकर 19 दिसंबर 2026 तक चलेंगी हालांकि इस बार स्कूलों को केवल परीक्षा आयोजित कराने की ही तैयारी नहीं करनी होगी बल्कि छात्रों की फाइनल लिस्ट तैयार करने, जरूरत के अनुसार बाहरी परीक्षकों की नियुक्ति और हर बैच की ग्रुप फोटो अपलोड करने जैसे निर्देशों का भी पालन करना होगा.

CBSE ने साफ किया है कि फिलहाल जारी किया गया शेड्यूल और निर्देश केवल विंटर-बाउंड स्कूलों के लिए हैं. सामान्य शैक्षणिक सत्र के अनुसार चलने वाले स्कूलों के लिए बोर्ड अलग से सर्कुलर जारी करेगा. इसलिए नियमित सत्र वाले स्कूलों और उनके छात्रों को इस शेड्यूल को अपनी परीक्षा की अंतिम तारीख नहीं मानना चाहिए.
9 नवंबर से 19 दिसंबर तक होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं

इंडियन एक्‍सप्रेस में छपी खबर में बताया गया है कि CBSE के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विंटर-बाउंड स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं, प्रोजेक्ट असेसमेंट और इंटरनल असेसमेंट 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे. इस दौरान स्कूलों को बोर्ड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षाएं और मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.बोर्ड ने स्कूलों को परीक्षा आयोजन से जुड़े जरूरी इंतजाम समय पर करने को कहा है. इसमें छात्रों की अंतिम सूची तैयार करना, बाहरी परीक्षकों और ऑब्जर्वर की नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करना, असेसमेंट के अंक जमा करना और परीक्षा की तस्वीरें अपलोड करना शामिल है.

CBSE ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे प्रैक्टिकल परीक्षा से पहले छात्रों की फाइनल लिस्ट तैयार करें. यह भी सुनिश्चित करना होगा कि केवल उन्हीं विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल परीक्षा, प्रोजेक्ट असेसमेंट और इंटरनल असेसमेंट में शामिल होने की अनुमति दी जाए जिनके नाम ऑनलाइन लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (LOC) के माध्यम से बोर्ड को भेजे जा चुके हैं.इसका मतलब है कि स्कूलों को परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की जानकारी पहले से मिलान करनी होगी. जिन छात्रों का नाम ऑनलाइन LOC में जमा नहीं किया गया है, उन्हें इन परीक्षाओं में बैठने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए. इसलिए छात्रों के लिए भी जरूरी है कि वे अपने स्कूल से यह सुनिश्चित कर लें कि उनका नाम बोर्ड को भेजी गई सूची में शामिल है.

10वीं का इंटरनल असेसमेंट सिर्फ एक बार होगा

बोर्ड ने कक्षा 10वीं के इंटरनल असेसमेंट को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर दी है. CBSE के निर्देश के मुताबिक 10वीं का इंटरनल असेसमेंट केवल एक बार आयोजित किया जाएगा. स्कूलों को तय समयसीमा के भीतर सभी विद्यार्थियों का मूल्यांकन पूरा करना होगा और उनके अंक बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड करने होंगे इसलिए स्कूलों को यह ध्यान रखना होगा कि इंटरनल असेसमेंट की प्रक्रिया समय पर पूरी हो और किसी भी विद्यार्थी का मूल्यांकन या उसके अंक अपलोड करने का काम छूटने न पाए. बोर्ड ने सभी उम्मीदवारों के अंक निर्धारित समयसीमा के भीतर जमा करने की जिम्मेदारी स्कूलों को दी है.

30 से ज्यादा छात्र हुए तो एक दिन में 2 या 3 सेशन में होगी परीक्षा
CBSE ने प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट असेसमेंट को व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए सेशन से जुड़ा निर्देश भी दिया है. अगर किसी स्कूल में एक विषय के लिए विद्यार्थियों की संख्या 30 से अधिक है तो स्कूल को प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट असेसमेंट दो या तीन सेशन में आयोजित करना होगा.कितने सेशन रखे जाएंगे.इसका फैसला स्कूल में उपलब्ध लैब और वहां मौजूद सुविधाओं के आधार पर किया जाएगा यानी जिन स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या ज्यादा है. उन्हें अपनी लैब की क्षमता और उपलब्ध इंफ्रास्ट्रक्चर को ध्यान में रखते हुए परीक्षा का शेड्यूल तैयार करना होगा. इसका मकसद यह है कि सभी विद्यार्थियों का प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट असेसमेंट सही तरीके से कराया जा सके.

हर बैच की ग्रुप फोटो अपलोड करना अनिवार्य
इस बार CBSE ने प्रैक्टिकल परीक्षा और असेसमेंट की प्रक्रिया में फोटो अपलोड करने को भी जरूरी बनाया है. बोर्ड के निर्देश के मुताबिक स्कूलों को प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल होने वाले प्रत्येक बैच की एक ग्रुप फोटो अपलोड करनी होगी. इसके लिए CBSE की ओर से स्कूलों को एक ऐप लिंक उपलब्ध कराया जाएगा.स्कूलों को इसी ऐप लिंक के जरिए हर बैच की ग्रुप फोटो जमा करनी होगी. यह निर्देश प्रैक्टिकल परीक्षा और असेसमेंट की प्रक्रिया के रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने के लिए दिया गया है. इसलिए स्कूलों को परीक्षा के दौरान फोटो लेने और उन्हें निर्धारित ऐप लिंक पर अपलोड करने की व्यवस्था भी करनी होगी.
टॉप वीडियो