ब्लैक-स्पॉट्स पर सुधार कार्य जल्द पूरा करने दिए निर्देश
शाम को 6 से 9 के बीच होती है सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं, ड्रंक एंड ड्राइव है प्रमुख कारण
सड़क पर निर्माण सामग्री रखने व अतिक्रमण करने वाले पर होगी कार्यवाही, यातायात अवरूद्ध कर रहे सड़क पर खड़े वाहनों को हटाने चलेगा संयुक्त अभियान
ग्रामीण इलाकों में जागरूकता लाने जिला प्रशासन, आरटीओ एवं पुलिस विभाग चलाएगा संयुक्त कार्यक्रम
दुर्ग, 27 फरवरी 2024। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग व अन्य सड़कों पर हुई दुर्घटनाओं की रोड, थाना तथा सड़कवार रिर्पोट्स की गहन समीक्षा की तथा चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले की सड़कों में यातायात सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए विभिन्न सुझावों पर विमर्श कर कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। इसमें विशेष रूप से सड़कों से अवैध कब्जे हटाना, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक, रोड मार्किंग व गति नियंत्रक बोर्ड लगाना आदि शामिल है। कलेक्टर ने जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में यातायात जागरूकता बढ़ाने तथा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।




