फिरोजाबाद
सोशल मीडिया पर यूपी के फिरोजाबाद जिले का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें घायल महिला सब इंस्पेक्टर प्रीति राय को थानाध्यक्ष रंजना गुप्ता गोद में उठाकर अस्पताल के अंदर ले जाती हुई दिखाई दे रही हैं. इसको लेकर दावा किया गया कि अस्पताल में स्ट्रेचर नहीं मिलने से महिला थानाध्यक्ष को ऐसा करना पड़ा. हालांकि, अब इसको लेकर पुलिस की ओर से सफाई आई है.पुलिस ने सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावे का खंडन किया है और उसकी सच्चाई बताई है.
मामले में फिरोजाबाद के एसपी ने बयान जारी करते हुए बताया कि 28 जुलाई को महिला थाना में नियुक्त सब इंस्पेक्टर प्रीति राय अपनी स्कूटी से जा रही थीं तभी एक कार से उनकी टक्कर हो गई. इस टक्कर में प्रीति राय को चोट लग गई. जिसपर महिला थाना प्रभारी रंजना गुप्ता तत्काल मौके पर पहुंची और घायल सब इंस्पेक्टर को लेकर स्थानीय अस्पताल (ट्रामा सेंटर) पहुंचीं. सीओ सिटी भी मौके पर पहुंच गए थे. चूंकि, परिस्थिति ऐसी थी इसलिए बिना देर किए थाना प्रभारी रंजना गुप्ता द्वारा सब इंस्पेक्टर प्रीति राय को अपनी गोद में उठाकर अस्पताल के अंदर ले जाकर भर्ती कराया गया.




