मुख्यमंत्री निवास में मायका का प्यार पाकर गद्गद् हुई महिलाएं
तीजा-पोरा तिहार मनाने बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची मुख्यमंत्री निवास
रायपुर, 22 सितम्बर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज यहां अपने निवास परिसर में तीजा पोरा तिहार के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम एवं राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ के इस पारम्परिक त्यौहार को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाने मुख्यमंत्री निवास में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची। यहां महिलाएं मायका का प्यार पाकर खुशी से गद्गद् हुई। मुख्यमंत्री श्री बघेल इस मौके पर महिलाओं से रू-ब-रू होते हुए कहा कि तीजा-पोरा माताओं-बहनों की खुशियों और छत्तीसगढ़ का महत्वपूर्ण पारम्परिक त्यौहार है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मुक्तेश्वरी बघेल सहित परिवार के लोग शामिल हुए। साथ ही खाद्य एवं संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत, राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री गिरीश देवांगन भी इस अवसर पर उपस्थित थे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा महिलाओें के हित में संचालित योजनाओं का जिक्र करते हुए उससे लाभान्वित महिला हितग्राहियों श्रीमती सरिता साहू, ज्योति मिथलेश, शांति चंद्रा, रेखा साहू, जयंती तथा उर्वशी वर्मा आदि ने भी अपना अनुभव साझा किया और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।




