दुनिया के खाड़ी देशों में युद्ध की स्थिति के बीच बिहार के बेगूसराय से गैस आपूर्ति व्यवस्था की हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है. यह तस्वीर इस बात का गवाह है कि राज्य में गैस आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. इधर सुनने को मिल रहा है कि कमर्शियल गैस की सप्लाई रोक दी गई है.
लोकल 18 की ग्राउंड रिपोर्ट में पड़ताल की गई कि आखिर सरकारी व्यवस्था ग्राहकों के लिए गैर जिम्मेदार है, युद्ध वजह है या फिर एजेंसी संचालक. पड़ताल में ग्राहकों के मुताबिक सामने आया है कि शहर में गैस आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. कमर्शियल गैस सप्लाई भी प्रभावित बताई जा रही है. इससे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के चूल्हे ठंडे पड़ने लगे हैं, वहीं घरेलू उपभोक्ता भी काफी परेशान हैं.
चेरिया बरियारपुर में HP गैस एजेंसी के हालात
बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर प्रखंड मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित HP गैस एजेंसी के संचालक पर गुंडागर्दी का आरोप लगाकर दो दिन पहले ही ग्राहकों ने वीडियो भी वायरल किया था. पड़ताल के दौरान देखा गया HP गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी हुई है. यहां ग्राहकों का आरोप है कि 28 फरवरी को पेमेंट करने के बावजूद भी 10 मार्च तक गैस सिलेंडर नहीं मिला है. उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी पर सिर्फ इंतजार मिलता है, जबकि ब्लैक मार्केट में आसानी से सिलेंडर मिल जा रहा है.


