महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार की प्लेन क्रैश में हुई मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है. उनके भतीजे रोहित पवार की तरफ से ‘बड़ी आपराधिक साजिश’ की शिकायत पर बेंगलुरु पुलिस ने केस दर्ज किया है. पुलिस ने ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कर इसे आगे जांच के लिए महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया है. अधिकारियों के मुताबिक, यह एफआईआर किसी भी थाने में दर्ज की जा सकती है, भले ही घटना कहीं और हुई हो.
28 जनवरी को हुए चार्टर्ड प्लेन क्रैश में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई थी. यह हादसा पुणे के बारामती एयरपोर्ट के पास हुआ था. बताया गया कि बॉम्बार्डियर लियरजेट 45 विमान मुंबई से बारामती जा रहा था और इसका संचालन VSR वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड कर रही थी. विमान में सवार सभी लोगों की इस दुर्घटना में जान चली गई.
‘यह हादसा नहीं, बड़ी साजिश’
रोहित पवार ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि यह महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि उनके चाचा को खत्म करने की सोची-समझी साजिश हो सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि विमान संचालन में गंभीर लापरवाही, सुरक्षा मानकों का उल्लंघन और रिकॉर्ड में हेरफेर किया गया, जिससे यह हादसा हुआ.



