Home छत्तीसगढ़ नारायणपुर के मेधावी छात्र सम्मानित- वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने खिलाई...

नारायणपुर के मेधावी छात्र सम्मानित- वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने खिलाई मिठाई

2

नारायणपुर के शिक्षा जगत के लिए आज का दिन उत्साह भरा रहा। प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने नारायणपुर जिले के उन प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया, जिन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। मंत्री ने छात्रों का मुंह मीठा कराया और उन्हें प्रेरणादायी पुस्तकें भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंत्री केदार कश्यप ने कोचिंग सेंटर की घोषणा कर कहा कि नारायणपुर के छात्रों के लिए यह मील का पत्थर साबित होगी, जिससे भविष्य में यहाँ के छात्र राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में भी बाजी मार सकेंगे।

’प्रतिभाओं का सम्मान- जिले के चमकते सितारे’

सम्मान समारोह के दौरान मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि इन विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत से सिद्ध कर दिया है कि वनांचल क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कक्षा 10वीं के टॉपर भाविका देवांगन (94.33 प्रतिशत), कविता कोर्राम (94प्रतिशत), सिद्धार्थ सिंह राणा (93.50 प्रतिशत), अन्वेषा यादव (92.33 प्रतिशत) और अमित कुमार वड्डे (92प्रतिशत) सहित कुल 11 विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार कक्षा 12 वीं के टॉपर मुस्कान पटेल (92.60 प्रतिशत), मोक्षिता कश्यप (88.60 प्रतिशत), रोशनी पांडे (88.60प्रतिशत), रामसिंह उसेंडी (88.40प्रतिशत) और कुमकुम देवांगन (87.40प्रतिशत) सहित 10 मेधावी छात्र-छात्राओं का अभिनंदन किया गया।

’विद्यार्थियों की मांग पर बड़ा फैसला- शुरू होगी कोचिंग सुविधा’

कार्यक्रम के दौरान जब छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिले में मार्गदर्शन की कमी का मुद्दा उठाया, तो मंत्री श्री कश्यप ने मंच से ही कोचिंग सुविधा शीघ्र प्रारंभ करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा हमारी सरकार का संकल्प है कि नारायणपुर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी वैसी ही गुणवत्तापूर्ण कोचिंग मिले, जैसी बड़े शहरों में मिलती है। हम जल्द ही इसके लिए विशेषज्ञ शिक्षकों और संसाधनों की व्यवस्था करेंगे।

’शिक्षा को सुगम बना रही सरकारी योजनाएं’

मंत्री श्री कश्यप ने शिक्षा के क्षेत्र में चल रही योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, छात्रवृत्ति और आवासीय विद्यालयों के माध्यम से राज्य सरकार हर बच्चे तक शिक्षा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्रों से इन सुविधाओं का लाभ उठाकर उच्च लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। इस गरिमामयी समारोह में कलेक्टर नम्रता जैन, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, शिक्षा मिशन समन्वयक दीनबंधु रावट सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here