JEE Advanced 2026 का रिजल्ट आने के बाद अब लाखों छात्रों की नजर IIT और NIT में एडमिशन प्रक्रिया पर टिकी हुई है. इसी बीच CBSE के रिजल्ट, री-इवैल्यूएशन और अंकों से जुड़ी चर्चाओं के कारण यह मांग उठने लगी थी कि इस साल IIT में दाखिले के लिए 12वीं में 75 प्रतिशत अंकों की अनिवार्य शर्त में कुछ राहत दी जाए हालांकि अब IIT रुड़की ने इस मामले पर स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है.संस्थान ने स्पष्ट कहा है कि इस वर्ष 75 प्रतिशत अंकों के पात्रता मानदंड में किसी भी तरह की छूट नहीं दी जाएगी यानी IIT और NIT में प्रवेश के लिए छात्रों को पहले से निर्धारित नियमों का पालन करना होगा.
JEE Advanced 2026 के नतीजे घोषित होने के बाद कई छात्रों और अभिभावकों ने यह चिंता जताई थी कि कुछ विद्यार्थियों के 12वीं के अंक अपेक्षा से कम आए हैं. वहीं कई छात्र CBSE री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया का भी इंतजार कर रहे हैं.इसी वजह से यह चर्चा शुरू हुई कि क्या इस साल एक बार के लिए 75 प्रतिशत अंकों की पात्रता शर्त को कम किया जा सकता है या फिर अस्थायी रूप से हटाया जा सकता है लेकिन IIT रुड़की ने साफ कर दिया है कि ऐसा नहीं होगा.






