70 सहकारी समितियों में हुए विविध आयोजन
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले की 70 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों, दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों में सहकारी ध्वज फहराया गया। इस दौरान सभी समितियों में सामूहिक रूप से सहकार गीत का गायन कर सहयोग, सहभागिता और सामूहिक विकास का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, किसानों, जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
सहकारिता से मजबूत हो रही ग्रामीण अर्थव्यवस्था
कार्यक्रम में बताया गया कि सहकारिता केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार भी है। सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को संगठित कर उनकी आय बढ़ाने और आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जनकल्याणकारी योजनाओं का मिल रहा लाभ
सहायक पंजीयक, सहकारी संस्थाएं श्री हितेश श्रीवास ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की सहकार से समृद्धि की परिकल्पना को साकार करने के लिए सहकारिता विभाग अनेक नवाचार और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रहा है। इन प्रयासों से सहकारी संस्थाएं मजबूत हो रही हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।
6 जुलाई तक होंगे जनजागरूकता कार्यक्रम
सहकारिता सप्ताह के दौरान जिले में जागरूकता अभियान, जनसंवाद और विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य सहकारिता की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना, अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता आंदोलन से जोड़ना तथा सामूहिक विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।






