महिलाएं हर वक्त बचत के बारे में सोचती हैं. कई बार वे घर में ही जमा रखती हैं ताकि वक्त पर काम आए,कई बार गलत जगह पैसा लगाकर फंस जाती हैं. लेकिन क्या आपको पता है कि अगर आप हर महीने सिर्फ 500 रुपये अलग रख दें तो 5 साल में यह रकम बड़ी हो जाएगी. हम आपको पांच विकल्प दे रहे हैं, कैलकुलेशन भी समझा रहे हैं कि कहां पैसा लगाएंगी तो कितना मिलेगा. हालांकि, ध्यान रखें कि सरकारी छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरें समय-समय पर बदल सकती हैं. इसलिए अभी जो कैलकुलेशन है, उसमें बदलाव हो सकता है. लेकिन यह बदलाव बहुत बड़ा नहीं होता.
1. पोस्ट ऑफिस RD: 500 महीने से करीब 35 हजार का फंड
अगर आप चाहती हैं कि हर महीने तय रकम जमा होती रहे और 5 साल बाद एकमुश्त पैसा मिले, तो पोस्ट ऑफिस Recurring Deposit यानी RD एक सीधा विकल्प है. 5 साल की नेशनल सेविंग्स RD पर 6.7% सालाना ब्याज है, जो तिमाही आधार पर चक्रवृद्धि होता है.
अब 500 हर महीने जमा करने का हिसाब देखें. 60 महीनों में आपकी अपनी जमा रकम होगी 30,000. मौजूदा 6.7% दर को आधार मानकर मोटे अनुमान में 5 साल बाद रकम करीब 35,500 के आसपास हो सकती है. यानी ब्याज से करीब 5,500 का अतिरिक्त फायदा.छोटी रकम होने की वजह से आपको पता भी नहीं चलेगा और अच्छी खासी रकम आपके खाते में जमा हो जाएगी.
अब बात पब्लिक प्रोविडेंट फंड यानी PPF की. इसमें हर महीने 500 जमा करना संभव है, लेकिन एक जरूरी बात समझ लीजिए कि PPF को सिर्फ 5 साल की योजना मानना सही नहीं है. इसकी मूल अवधि 15 साल होती है. डाक विभाग की मौजूदा जानकारी के मुताबिक PPF पर 7.1% सालाना ब्याज है और ब्याज सालाना चक्रवृद्धि आधार पर जुड़ता है.
अगर सिर्फ तुलना के लिए ₹500 महीने की बचत को 5 साल तक जारी रखें, तो आपकी कुल जमा रकम ₹30,000 होगी और 7.1% की दर को आधार मानकर मोटे अनुमान में करीब ₹35,900 बन सकती है. लेकिन यहां बड़ा फर्क यह है कि 5 साल पूरा होते ही PPF को सामान्य RD की तरह निकालने की योजना नहीं बनाई जा सकती. इसलिए अगर आपका लक्ष्य लंबे समय की बचत है, तभी PPF को गंभीरता से देखें. ब्याज दर भविष्य में बदल भी सकती है.



