▪️ आरोपी द्वारा “ANSHU MATKA” नामक YouTube चैनल पर सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो बनाकर अपलोड एवं प्रसारित किए जा रहे थे।
दुर्ग । थाना उतई पुलिस को विश्वस्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि डुमरडीह बस स्टैण्ड स्थित अंजली ब्यूटी पार्लर के पास एक व्यक्ति अपने मोबाइल फोन के माध्यम से YouTube पर सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो बनाकर अपलोड एवं सार्वजनिक रूप से प्रसारित कर रहा है।
सूचना की तस्दीक एवं वैधानिक कार्यवाही हेतु पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदेही को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रवि चेलक, उम्र 29 वर्ष, निवासी बड़े पारा, जय स्तंभ चौक, डुमरडीह, थाना उतई, जिला दुर्ग बताया।
गवाहों की उपस्थिति में आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 02 नग Vivo कंपनी के Android मोबाइल फोन प्राप्त हुए। मोबाइल फोन को चालू कर YouTube का अवलोकन करने पर आरोपी द्वारा “ANSHU MATKA” नामक YouTube चैनल/अकाउंट के माध्यम से “राजधानी नाईट कल्याण जोड़ी” सहित सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो बनाकर अपलोड एवं प्रसारित करना पाया गया।
पुलिस द्वारा सट्टा संचालन से संबंधित डिजिटल सामग्री एवं अन्य उपलब्ध विवरण को जप्त कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 06(क), 07(1), 11, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। प्रकरण से संबंधित अन्य तथ्यों एवं सट्टा गतिविधियों से जुड़े संभावित सम्पर्क के संबंध में जांच जारी है।



