Home देश करोड़ों में खेलने वाली चाची 420 गिरफ्तार, मधुबनी में भारत-नेपाल सीमा पर...

करोड़ों में खेलने वाली चाची 420 गिरफ्तार, मधुबनी में भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई

1
0
बिहार के मधुबनी में भारत-नेपाल सीमा पर जिला पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में कथित रूप से लंबे समय से सुरक्षा और जांच एजेंसियों के रडार पर रही महिला हीरा देवी महासेठ उर्फ ‘चाची 420’ को गिरफ्तार कर लिया गया है. चाची 420 की गिरफ्तारी भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में जानकीनगर के समीप से किए जाने की बात सामने आई है. कार्रवाई के बाद बासोपट्टी थाना परिसर में महिला से कई जांच एजेंसियों द्वारा कड़ी पूछताछ की जा रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार महिला मूल रूप से नेपाल के धनुषा जिले की रहने वाली है. उस पर मादक पदार्थों की तस्करी, जाली नोट के कारोबार, शराब तस्करी और देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के गंभीर आरोप बताए जा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि महिला ने तस्करी के कथित नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है और उसके पास कई सौ करोड़ रुपये की संपत्ति होने की भी जांच की जा रही है. गिरफ्तारी के बाद एनआईए, एनसीबी समेत अन्य जांच एजेंसियां महिला से पूछताछ कर उसके कथित नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और सीमा पार गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हैं.
माना जा रहा है कि पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण नाम और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं. मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि सीतामढ़ी और मधुबनी में चाची पर संगीन मामले दर्ज हैं. गलत तरीके से इसके द्वारा करोड़ों की संपति सीमाई इलाकों में अर्जित की गई है जिसकी जांच की जा रही है. जांच के बाद अवैध तौर-तरीकों से अर्जित संपत्ति को सरकार जब्त करने का काम करेगी.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चाची 420 के 5 बेटे हैं और कुछ बेटे भी इस अवैध काम में शामिल है. 1-2 बेटे अपना घर-परिवार चलाते हैं. बाकी अन्य बेटे भी चाची के अवैध काम में ही लगे रहते हैं. चाची 420 का बड़ा बेटा राजीव महासेठ इसका मुख्य खिलाड़ी बताया जाता है. पुलिस की कड़ाई के बाद वह नेपाल भाग गया और वहां उसका करोड़ों का मकान है और बीयर बार चलता है. किराना स्टोर की आड़ में चाची जाली नोट, ब्राउन शुगर, हेरोइन, हथियार और शराब की तस्करी के काम से पैसे कमाती है. चाची अब जब पुलिस के हत्थे चढ़ी है तब इसके पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा.