Home देश भूलकर भी न जुड़ें इन WhatsApp ग्रुप्स से, शेयर टिप्स के नाम...

भूलकर भी न जुड़ें इन WhatsApp ग्रुप्स से, शेयर टिप्स के नाम पर चल रहा बड़ा फ्रॉड, SEBI ने चेताया

2
0
रोजाना 200% मुनाफा, 100% पक्की इनसाइडर कॉल और मुफ्त में शेयर बाजार सीखें… अगर आपको भी ऐसे दावे करने वाले किसी ‘इनवाइट-ओनली’ वॉटसऐप ग्रुप में जोड़ा गया है, तो समझ लीजिए कि आप ठगों के निशाने पर है. शेयर बाजार से रातों-रात अमीर बनने का सपना दिखाकर लोगों को लूटने वाला एक सिंडिकेट सक्रिय है. बाजार नियामक सेबी (SEBI) ने इससे सतर्क रहने की चेतावनी निवेशकों को दी है. सेबी के मुताबिक, विदेशी नंबरों से चलने वाले ये ग्रुप्स निवेशकों को फंसाने के लिए एक बेहद शातिर ट्रैप का इस्तेमाल कर रहे हैं. एक गलती किसी भी निवेशक की जमा-पूंजी साफ कर सकती है.
इन फ्रॉड ग्रुप्स को चलाने वाले तथाकथित ‘मार्केट एक्सपर्ट्स’ निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए जो ट्रिक इस्‍तेमाल कर रहे हैं उसे तकनीकी भाषा में एस्ट्रोटर्फिंग (Astroturfing) कहा जाता है. इसमें ग्रुप में सिंडिकेट के ही सदस्य नकली मुनाफे के स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हैं और एडमिन की जमकर तारीफ करते हैं. ग्रुप में ऐसा माहौल बनाया जाता है मानो हर कोई इन टिप्स से लाखों कमा रहा है. जब कोई आदमी इनके झांसे में आता है तो ये उससे कुछ शेयरों में पैसा लगाने, किसी ऐप्‍स पर ट्रेडिंग अकाउंट खोलने या किसी खाते में पैसा ट्रांसफर करने को कहते हैं.
जब भी सेबी या सायबर सेल की कार्रवाई के चलते ऐसा कोई धोखाधड़ी वाला ग्रुप ब्लॉक होता है तो ये ठग दूसरा ग्रुप बना लेते हैं. ग्रुप के सदस्यों को किसी दूसरे नए नंबर से तुरंत एक मैसेज आता है, जिसमें आमततौर पर लिखा होता है, “सोशल मीडिया के जोखिम नियंत्रण नियमों के कारण हमारा पुराना ग्रुप बंद हो गया है, कृपया रोजाना क्वालिटी शेयर टिप्स के लिए हमारे इस नए ग्रुप से जुड़ें.” सेबी ने साफ किया है कि अगर किसी ग्रुप में ऐसा बहाना बनाकर नए ग्रुप का लिंक दिया जाए, तो उसे सीधे तौर पर खतरे की घंटी (Red Flag) समझें और तुरंत ग्रुप छोड़ दें.
सेबी ने निवेशकों को चेताया है कि इन ग्रुप्स में सुझाए गए किसी भी थर्ड-पार्टी अनरजिस्टर्ड ट्रेडिंग ऐप या प्लेटफॉर्म पर अपना डीमैट खाता न खोलें और न ही किसी अज्ञात खाते में पैसे ट्रांसफर करें. शेयर बाजार में निवेश हमेशा केवल सेबी-पंजीकृत ब्रोकर्स और मध्यस्थों के जरिए ही किया जाना चाहिए. किसी भी वित्तीय संस्थान या एक्सपर्ट की वैधता जांचने के लिए सेबी की आधिकारिक वेबसाइट (sebi.gov.in) पर जाकर उनका रजिस्ट्रेशन स्टेटस जरूर चेक करें.