रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्टेट जीएसटी विभाग ने प्रदेश के कई स्थानों पर पिछले तीन दिनों में औद्योगिक प्रतिष्ठानों में छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने सभी संभागों के कई स्थानों पर छापा मारकर करोड़ों रूपयों के टैक्स की चोरी पकड़ी है। विभाग द्वारा न केवल आई टी टूल्स का प्रयोग कर चोरी पकड़ने में किया जा रहा है बल्कि ई-वे-बिल की जांच से प्राप्त सूचनाओं, फील्ड से एकत्र की जा रही सूचनाओं के आधार पर भी कार्यवाही की जा रही है। गौरतलब है कि इस बार छत्तीसगढ़ के बजट में राज्य कर विभाग के अंतर्गत बिज़नस इंटेलिजेंस यूनिट के गठन का भी उल्लेख किया गया है इसमे आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर टैक्स चोरी रोकने के साथ ही पारदर्शिता भी बढ़ाने पर भी काम किया जाएगा।




