Home Chattisgarh कुंदनपाल में शुरू हुआ नया आधार सेवा केंद्र, अब गांव में ही...

कुंदनपाल में शुरू हुआ नया आधार सेवा केंद्र, अब गांव में ही मिलेंगी आधार संबंधी सुविधाएं

15
0
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल से ग्रामीणों को घर के पास मिल रही डिजिटल सुविधा
रायपुर, 19 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल और सुशासन की सोच के अनुरूप शासन की जरूरी सेवाएं अब गांवों तक आसानी से पहुंच रही हैं। सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत कुंदनपाल में नए आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया है। केंद्र शुरू होने से अब ग्रामीणों को आधार संबंधी काम के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत नहीं होगी।
              वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं सुकमा जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में कुंदनपाल में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगी।
एक ही जगह मिलेगी आधार की कई सुविधाएं
             नए आधार सेवा केंद्र में नया आधार कार्ड बनवाने के साथ नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर में संशोधन की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा फिंगरप्रिंट और आईरिस जैसे बायोमेट्रिक अपडेट भी कराए जा सकेंगे। गांव में ही यह सुविधा मिलने से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को विशेष राहत मिलेगी। इससे उनका समय और आने-जाने का खर्च भी बचेगा।
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में होगी आसानी
            आधार कार्ड आज कई शासकीय योजनाओं और डिजिटल सेवाओं का महत्वपूर्ण आधार है। राशन, आयुष्मान भारत, छात्रवृत्ति और विभिन्न प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजनाओं का लाभ लेने के लिए आधार की जानकारी सही और अद्यतन होना जरूरी है। आधार सेवा केंद्र शुरू होने से ग्रामीण अपने आधार में जरूरी सुधार समय पर करा सकेंगे और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में उन्हें सुविधा होगी।
गांव तक पहुंच रहा डिजिटल सुशासन
          कुंदनपाल में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत यह दर्शाती है कि शासन की प्राथमिकता केवल शहरों तक सुविधाएं पहुंचाना नहीं, बल्कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी जरूरी सेवाएं उनके गांव के पास उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील सोच और वन एवं प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में ऐसी पहल ग्रामीणों के जीवन को सरल बनाने के साथ डिजिटल सेवाओं के प्रति विश्वास को भी मजबूत कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here