Home Chattisgarh देर रात चाकूबाजी की दो घटनाएं,दोनों वारदातों में दो युवकों की मौत...

देर रात चाकूबाजी की दो घटनाएं,दोनों वारदातों में दो युवकों की मौत हुई

30
0
रायपुर में रविवार देर रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुई दोनों वारदातों में दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना रायपुरा चौक स्थित सुमीत बाजार के सामने हुई, जबकि दूसरी वारदात चंगोराभाठा इलाके में सामने आई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रायपुरा चौक पर आधी रात के करीब टिकेंद्र देवांगन और कैलाश निषाद के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर टिकेंद्र ने कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद कैलाश ने टिकेंद्र से चाकू छीन लिया और उसी हथियार से उस पर कई वार कर दिए।
चाकू के गंभीर वार से टिकेंद्र देवांगन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। वहीं, हमले में कैलाश निषाद भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए AIIMS रायपुर में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। फिलहाल दोनों के बीच विवाद की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और वारदात के कारणों की पड़ताल कर रही है।
चंगोराभाठा में रंजिश के चलते युवक पर हमला
दूसरी वारदात रविवार रात करीब 11 बजे डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा इलाके में हुई। यहां आपसी रंजिश के चलते भोला विश्वकर्मा पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आशीष नामक युवक ने भोला पर चाकू से हमला किया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही वारदात से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here