▪️ मालवाहक वाहनों का उपयोग निर्धारित रूप से केवल माल परिवहन के लिए करने की समझाइश दी जा रही है।
▪️ वाहन चालकों को सवारी परिवहन से होने वाले दुर्घटना के खतरे के संबंध में जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाकर ले जाने वाले वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखते हुए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा कुम्हारी-दुर्ग क्षेत्र में विशेष चेकिंग पॉइंट लगाकर मालवाहक वाहनों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान माल परिवहन के लिए उपयोग किए जाने वाले वाहनों में सवारी बैठाकर ले जाने वाले वाहन चालकों को रोका गया तथा ऐसे कुल 10 मालवाहक वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की गई।
मालवाहक वाहन सामान एवं सामग्री के परिवहन के लिए निर्धारित होते हैं। इनमें सवारी बैठाकर ले जाना सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत जोखिमपूर्ण है। वाहन के अचानक ब्रेक लगाने, अनियंत्रित होने, पलटने अथवा सड़क दुर्घटना होने की स्थिति में मालवाहक वाहन में बैठे यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की संभावना रहती है। इसी कारण यातायात पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों पर विशेष रूप से कार्यवाही की जा रही है। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं बैठाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही वाहन मालिकों से भी अपील की गई कि वे अपने वाहनों का उपयोग निर्धारित कार्य के लिए ही करें और वाहन में अनधिकृत रूप से सवारी का परिवहन न करें।