अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने पालिका कार्यालय के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 10 सूत्री मांगों को लेकर आवाज उठाते हुए पालिका प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।
धरने का नेतृत्व पालिका उपाध्यक्ष ओमप्रकाश साहू, नेता प्रतिपक्ष दीपक घिघोड़े, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष महेंद्र साहू तथा छाया नगर पालिका अध्यक्ष मोनू साहू एवं हिमांशु शर्मा ने किया। प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर नारेबाजी भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने आय-व्यय का ब्यौरा सार्वजनिक करने, अवैध कब्जे और अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करने के साथ ही क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग रखी। धरना स्थल पर नायब तहसीलदार पाटन भूपेंद्र सिंह और सीएमओ प्रीति गुप्ता पहुंचे, जिन्हें कांग्रेस नेताओं ने 10 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मांगों का निर्धारित समय में समाधान नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने 10 सितंबर 2026 को चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।
धरना प्रदर्शन में पार्षदों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।