सेलूद। करसा स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर वितरण में देरी से नाराज उपभोक्ताओं ने चक्काजाम कर दिया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्होंने पहले से सिलेंडर की बुकिंग करा रखी है, बावजूद इसके उन्हें समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि कई लोगों ने दो से तीन दिन पहले ही सिलेंडर बुक कराया था, जिसकी पर्ची भी उन्हें दी गई है। इसके बाद आज सुबह से बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े थे, लेकिन दोपहर 12 बजे तक भी सिलेंडर वितरण शुरू नहीं किया गया।
बताया जा रहा है कि एजेंसी के बाहर 150 से अधिक उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े थे। लंबे इंतजार के बाद उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। स्थिति को देखते हुए डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
उपभोक्ताओं द्वारा चक्काजाम किए जाने के बाद गैस एजेंसी ने सिलेंडर का वितरण शुरू किया, लेकिन पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण सभी उपभोक्ताओं को तत्काल सिलेंडर नहीं मिल सका। इस पर एजेंसी की ओर से उपभोक्ताओं को बताया गया कि बाकी उपभोक्ताओं के लिए भी सिलेंडर मंगाए जा रहे हैं और उपलब्ध होने के बाद वितरण किया जाएगा।
उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर बुकिंग कराने के बावजूद घंटों इंतजार करवाया जा रहा है। उनका सवाल है कि जब बुकिंग की पर्ची पहले ही जारी कर दी गई है तो सिलेंडर वितरण में इतनी देरी क्यों की जा रही है।