सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से बैंक चेकबुक को लेकर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है. इसमें दावा किया गया है कि 1 जनवरी 2027 से बैंकों में नए सिक्योरिटी फीचर्स वाले चेकबुक जारी किए जाएंगे. साथ ही कहा जा रहा है कि 31 दिसंबर 2026 के बाद मौजूदा चेकबुक इस्तेमाल नहीं किए जा सकेंगे. इस खबर से कई बैंक ग्राहकों के मन में सवाल उठने लगे हैं कि क्या उन्हें अपना पुराना चेकबुक बदलवाना होगा और क्या पुराने चेक से भुगतान करना बंद हो जाएगा.
अगर आपके पास भी ऐसा कोई मैसेज आया है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इन दावों पर स्थिति साफ कर दी है. केंद्रीय बैंक ने कहा है कि 1 जनवरी 2027 से चेकबुक के नियमों में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है. मौजूदा चेक ट्रंकेशन सिस्टम (CTS) वाले चेकबुक पहले की तरह इस्तेमाल किए जा सकेंगे. यानी ग्राहकों को नया चेकबुक लेने या पुराने चेकबुक बदलवाने की जरूरत नहीं है. आरबीआई ने सोशल मीडिया पर फैल रहे इन दावों को भ्रामक और गलत बताया है.
सोशल मीडिया पर क्या दावा किया जा रहा?
पिछले कुछ दिनों से WhatsApp और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चेकबुक को लेकर कई मैसेज शेयर किए जा रहे थे. इनमें दावा किया गया कि आरबीआई 1 जनवरी 2027 से चेकबुक के लिए नए सिक्योरिटी स्टैंडर्ड्स लागू करने जा रहा है. इन मैसेज में बताया गया कि नए चेकबुक में अतिरिक्त सुरक्षा फीचर्स होंगे और मौजूदा CTS चेकबुक 31 दिसंबर 2026 के बाद मान्य नहीं रहेंगे. इस वजह से लोगों को अपना पुराना चेकबुक बदलवाना पड़ेगा.
हालांकि, इन दावों के समर्थन में आरबीआई की ओर से कोई ऑफिशियल आदेश जारी नहीं किया गया है. इसके बावजूद ऐसे मैसेज तेजी से लोगों तक पहुंच रहे थे.
RBI ने क्या कहा?
आरबीआई ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इन खबरों का खंडन किया है. केंद्रीय बैंक ने साफ किया है कि मौजूदा CTS चेकबुक के नियमों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है. इसका मतलब है कि 1 जनवरी 2027 से न तो नए चेकबुक अनिवार्य होंगे और न ही पुराने चेकबुक बंद किए जाएंगे. बैंक पहले की तरह मौजूदा व्यवस्था के तहत चेकबुक जारी कर सकेंगे.
आरबीआई ने लोगों को सलाह दी है कि बैंकिंग से जुड़े नियमों की जानकारी के लिए केवल उसके आधिकारिक बयानों और सूचनाओं पर भरोसा करें. सोशल मीडिया पर मिलने वाले हर मैसेज को सही मानकर आगे शेयर न करें.
क्या पुराने चेकबुक बदलवाने की जरूरत है?
आरबीआई की सफाई के बाद बैंक ग्राहकों को राहत मिल गई है. अगर आपके पास मौजूदा CTS चेकबुक है तो आप उसका इस्तेमाल पहले की तरह जारी रख सकते हैं.
पुराने चेकबुक 31 दिसंबर 2026 के बाद भी बंद नहीं होंगे.
नया चेकबुक लेने की कोई अनिवार्यता नहीं है.
जनवरी 2027 से कोई नया CTS नियम लागू नहीं हो रहा है.
बैंक ग्राहकों को चेकबुक बदलवाने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है.
अगर आप चेक से किसी को भुगतान करते हैं या कारोबार में चेकबुक का इस्तेमाल करते हैं तो फिलहाल आपको अपनी प्रक्रिया में कोई बदलाव करने की जरूरत नहीं है.
क्या है CTS यानी चेक ट्रंकेशन सिस्टम?
CTS यानी चेक ट्रंकेशन सिस्टम एक ऐसी व्यवस्था है, जिसके जरिए चेक को एक बैंक से दूसरे बैंक तक भौतिक रूप से भेजने की जरूरत कम हो जाती है. इसमें चेक की तस्वीर और उससे जुड़ी जरूरी जानकारी इलेक्ट्रॉनिक तरीके से संबंधित बैंक तक पहुंचाई जाती है. इससे चेक क्लियर होने की प्रक्रिया तेज होती है और कागजी चेक को एक जगह से दूसरी जगह भेजने में लगने वाला समय बचता है. भारत में बैंकिंग व्यवस्था के तहत इस सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता है. इसलिए अगर आपको भी नए चेकबुक को लेकर कोई मैसेज मिलता है तो बिना कंफर्मेशन के उस पर भरोसा न करें. आरबीआई की ओर से फिलहाल पुराने चेकबुक को बंद करने या जनवरी 2027 से नए चेकबुक लागू करने का कोई फैसला नहीं लिया गया है.



