रात भर भव्य आतिशबाजी के साथ बहेगी भक्ति की बयार
गाजे बाजे के साथ घर-घर अक्षत पहुंचा निमंत्रण दे रही हैं महिलाओं की टोली
5 हजार दीप जलाकर करेंगे रघुनंदन वंदन
भिलाई 21 जनवरी। 22 जनवरी सोमवार को राम जन्म भूमि अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने के लिए विश्व स्तर पर रामभक्तों द्वारा वृहद पैमाने पर तैयारी की जा रही है एवं जन जन प्रभु श्रीराम की सेवा में तत्पर हैं। बच्चों से लेकर बड़े बुजुर्ग बहन बेटी माताएँ इस दिन के एक एक पल को यादगार बनाने भिन्न भिन्न प्रकार के आयोजन कर रहे हैं।

भिलाई के बैकुंठ धाम मैदान में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन द्वारा बैकुंठ धाम समिति के सहयोग से 22 जनवरी को मध्यान्ह बाद से अगली सुबह तक भव्य आतिशबाजी, श्रीरामलला दरबार रंगोली प्रतियोगिता, विभिन्न लोक कलाकारों की प्रस्तुति समेत आकर्षक झांकियों के साथ भजन मंडली और मंडई मेला का विशेष आयोजन किया जा रहा है जिसके लिए निगम के सभी वार्ड में बनाए गए विधायक प्रतिनिधि, भाजपा पार्षद और विभिन्न समाज के प्रतिनिधिगण अपनी अलग अलग टोलियों के साथ घर-घर पहुंच रघुनंदन वंदन के इस विशाल आयोजन में शामिल होने लोगों को अक्षत लेकर न्यौता दे रहे हैं। महिलाओं की टोली गाजे बाजे के साथ घर-घर पहुंच लोगों को इस आयोजन में शामिल होने निमंत्रण दे रही हैं। अयोध्या में होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शहर में जगह-जगह झांकी और शोभायात्रा भी निकलेगी। इसके लिए श्री राम के बाल स्वरूप, वनवासी और राजसी राम, माता सीता, भाई लक्ष्मण आऔर हनुमान की वेशभूषा, गदा, मुकुट, धनुष, माला, बालियां, बाजूबंद, विग एवं अन्य आभूषणों सहित पूरे समाज सज्जा के साथ झांकियां भी तैयार की जा रही हैं।




