छत्तीसगढ़वासियों को 34 हजार 427 करोड़ रुपए की 10 परियोजनाओं की सौगात
दुर्ग के बैगापारा मिनी स्टेडियम में प्रधानमंत्री जी को सुनने बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित हुए
दुर्ग, 24 फरवरी 2024/ विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़ कार्यक्रम के तहत जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। दुर्ग शहर विधानसभा अंतर्गत बैगापारा मिनी स्टेडियम में बड़ी संख्या में नगरवासी कार्यक्रम में उपस्थित हुए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत छत्तीसगढ़वासियों को 34 हजार 427 करोड़ रुपए की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास कर विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। इनमें 18 हजार 897 करोड़ रुपए की लागत वाली 9 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 15 हजार 530 करोड़ रुपए लागत की 01 परियोजना का शिलान्यास शामिल है। दुर्ग जिले की भिलाई-चरौदा में 280 करोड़ रूपए की लागत से नवनिर्मित रेलवे सोलर पावर प्लांट जिसकी क्षमता 50 मेगावाट का भी लोकार्पण किया गया है। इस सोलर पावर प्लांट के माध्यम से सौर ऊर्जा द्वारा रेलगाड़ी का परिचालन किया जाएगा। जलवायु परिवर्तन से बढ़ते खतरे निपटने में यह सोलर पावर प्लांट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी ने छत्तीसगढ़वासियों को वर्चुअल सम्बोधित किया।




